Politics

MEWAT गाय के नाम पर हिंसा करने वाले खट्टर की उपलब्धियों में लगा रहे पलीता

गाय के नाम पर हिंसा करने वाले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की उपलब्धियों पर पानी फेर रहे हैं। ऐसे लोगों की वजह ही भारतीय जनता पार्टी को इस बार  विधानसभा चुनाव में प्रदेश के मुस्लिम बहुल नूंह जिले की अपने प्रभाव वाली तीनों सीटें गँवानी पड़ीं। इसके बावजूद गाय के नाम पर हिंसा फैलाने वालों की कारतूतों पर विराम नहीं लगा है। उन्होंने फिर एक शख्स को निशाना बनाया। पीड़ित की इतनी बेरहमी से पिटाई की गई कि वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
   ‘ईद उल अजहा’ त्योहार से एक दिन पहले नूंह जिले के घासेड़ा गांव के लुकमान को गुरूग्राम जिले के बादहाशपुर थाना क्षेत्र में तथाकथित गो रक्षकों ने घेर कर लाठी, डंडे और हथौड़ी से पीटकर अधमरा कर दिया। वह एक वाहन से भैंसा का माँस सप्लाई करने गुरूग्राम जा रहा था। यह काम वह पिछले कई वर्षों से कर रहा है। आरोप है कि हत्या करने की नियत से हमलावर उसका अपहरण कर किसी अज्ञात स्थान पर ले जा रहे थे, पर पुलिस ने बीच-बचाव कर उनके चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। पिटाई से लुकमान के दोनों पैरों, हाथों, सिर में गंभीर चोटें आई हैं। नूंह से बीजेपी विधायक जाकिर हुसैन को शिकस्त देकर चुने गए कांग्रेस के विधानसभा में उप नेता आफ़ताब अहमद का आरोप है कि इस मामले में पुलिस का रवैया ठीक नहीं। जिन धाराओं के तरह प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए, नहीं हुई। अस्पताल में इलाज कराने में भी लापरवाही बरती गई। इस को लेकर पीसीसी सदस्य व विधायक आफ़ताब अहमद के अनुज महताब, कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के चेयरमैन हाजी अब्दुल गफ्फार कुरैशी और हाजी शहजाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल गुरूग्राम के पुलिस आयुक्त केके राव से मिल चुका है। उन्होंने लुकमान मामले में पुलिस कर्मियों द्वारा बरती गई लापरवाहियों से संबंधित एक शिकायत पत्र भी सौंपा। हालांकि, मामले में चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं तथा तीन पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी हो चुकी है। बावजूद इसके मेवात वासियों का गुस्सा थमता नहीं दिख रहा। आफ़ताब ने चेतावनी दी है कि दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज नहीं हुए और लुकमान को इंसाफ नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा। मेवात में जब भी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं विपक्षी दलों को सरकार को घेरने का मौका मिल जाता है। मेवात के एक पत्रकार ने बताया कि पिछले छह वर्षों में गोकशी की आड़ में पहलू खान, उमरदीन, रकबर आदि कई लोगों की हत्या की गई। गो हत्या की आड़ में मॉबलिंचिंग के भी मामले सामने आए हैं। ऐसी घटनाओं से मेवात के मुसलमान तमाम प्रयासों के बाद भी भाजपा के करीब नहीं आ पा रहे। उनकी नाराज़गी के कारण पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव में नूंह जिले की भाजपा प्रभाव वाली तीनों सीटें गंवानी पड़ी। जिले के नूंह, फिरोजपुर झिरका और पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र पर भाजपा समर्थक विधायकों का कब्जा था।

उपलब्धियों पर ग्रहण

हालांकि मेवात के लोग हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के काम काज से बेहद प्रभावित हैं। उनके अब तक के तकरीबन छह वर्षों के कार्यकाल में जिले में अनेक उल्लेखनीय विकास कार्य कराए गए। इस बारे में भाजपा के नूंह जिलाध्यक्ष सुरेंद्र आर्या से बात करने पर एक सांस में सरकार की तमाम उपलब्धियां गिना दीं। कहते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री खट्टर के प्रयासों से नूंह के नलहड़ मेडिकल कॉलेज में डेंटल कॉलेज बना है। युनानी मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य प्रगति पर है। नर्सिंग कॉलेज बनकर तैयार है। जिले में दो दर्जन से अधिक हेल्थ सेंटर, डिलवरी हट्स, थाने, चौकियों का निर्माण हुआ। 35 से अधिक स्कूल अपग्रेड हुए। छह वर्षों में तीन डिग्री कॉलेज बने। 265 करोड़ की लागत से नूंह जिले के 80 गांवों में जलआपूर्ति की तैयारी है। मेवात कैनाल की योजना भी तैयार है। जिले के 84 गांवों से दिल्ली-बड़ौदरा कॉरिडोर होकर गुजरेगा। मालगाड़ियों से सामानों की ढुलाई के लिए वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर भी मेवात से होकर गुजरे वाला है। इसके लिए तावड़ू में वेयरहाउस बनेगा। तावड़ू और पुन्हाना सब-डिवजीन बनाए गए हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष की मानें तो प्रदेश सरकार ने पिछले छह वर्षों में जिला का कायाकल्प ही कर दिया। बावजूद इसके लुकमान जैसी घटनाएं सरकार की उपलब्धियां पर पानी फेर रही हैं। जिले के कतिपय भाजपा नेताओं पर भी गाय के नाम पर माहौल खराब करने का आरोप है। ऐसी घटनाओं से भाजपा की अगले चुनाव में भी मिट्टी पलीद हो सकती है। प्रदेश में जल्द पंचायत चुनाव होने वाले हैं। जिले के एक वरिष्ठ भाजपा नेता कहते हैं कि लुकमान जैसी घटनाओं पर रोक नहीं लगी तो इस चुनाव में भी असर दिखेगा। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष कहते हैं तमाम विपरीत परिस्थियों के जिले में पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है।  

नोटः वेबसाइट आपकी आवाज है। विकसित व विस्तार देने तथा आवाज की बुलंदी के लिए आर्थिक सहयोग दें। इससे संबंधित विवरण उपर में ‘मेन्यू’ के ’डोनेशन’ बटन पर क्लिक करते ही दिखने लगेगा।
संपादक