कुलगाम में सीआरपीएफ कैंप पर आतंकवादी हमले की चौतरफा निंदा,मुस्लिम नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया
मुस्लिम नाउ ब्यूरो, श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सीआरपीएफ के कैंप पर हुए आतंकवादी हमले के बाद देश भर में इसकी कड़ी निंदा की जा रही है। इस कायराना हमले में सुरक्षा बल के तीन जवान घायल हो गए हैं। इस घटना को लेकर देशभर से पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। कश्मीर के तमाम प्रमुख नेताओं ने भी खुलकर इस आतंकवादी हरकत की कड़े शब्दों में मजम्मत की है और पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाए जाने की बात कही है। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने इस घटना पर गहरी चिंता और दुख जताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस हमले की पुरजोर निंदा करती है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, दो से तीन जवान घायल हुए हैं। आतंकवाद के खिलाफ चल रही ज़ीरो-टॉलरेंस नीति के तहत आतंकवादियों को यह नहीं सोचना चाहिए कि उनके साथ कोई नरमी बरती जाएगी। आतंकवादियों और पाकिस्तान दोनों को यह बात अच्छी तरह समझ लेनी चाहिए कि जम्मू-कश्मीर में किसी भी कीमत पर आतंकवाद को दोबारा पनपने नहीं दिया जाएगा।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेता वारिस पठान ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार को कड़ा कदम उठाना चाहिए और सीआरपीएफ जवानों को न्याय दिलाने के लिए आतंकवादियों के ठिकानों पर कड़ा प्रहार करना चाहिए।
जेडीयू जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष जी. एम. शाहीन ने कहा कि हमारी सीमाएं पाकिस्तान से मिलती हैं जो हमारा बड़ा दुर्भाग्य है। यह एक ऐसा देश है जो उग्रवाद को बढ़ावा देने से बाज नहीं आता और जम्मू-कश्मीर में अपनी नापाक हरकतें लगातार जारी रखता है। हमें पूरा विश्वास है कि हमलावरों को बख्शा नहीं जाएगा। हमारे सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं और वे जानते हैं कि आगे क्या और कैसी कार्रवाई करनी है।
Srinagar, Jammu and Kashmir: On the terror attack on a CRPF patrol party in Kulgam, State Congress Committee President Tariq Hameed Karra says, "First of all, on behalf of our party, our solidarity goes to those personnel who were injured, and we stand in full solidarity with their families. We wish and pray for their speedy recovery. Secondly, regarding your question about the Lieutenant Governor (LG) Sahab’s program, that it was hardly 2 kilometers away, it means that these people are still able to strike at will, and this is a complete failure. It is a failure at both the political level and on the security front..”
— IANS (@ians_india) November 11, 2026
जेएंडके कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने इस घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह केवल सुरक्षा में चूक नहीं है, बल्कि भारत सरकार की तरफ से एक बड़ी विफलता है। उन्होंने कहा कि हम घायल जवानों और उनके परिवारों के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़े हैं। लेकिन इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जैसा कि आपने देखा, यह हमला एलजी के कार्यक्रम स्थल से महज दो या तीन किलोमीटर की दूरी पर हुआ, जो यह साबित करता है कि आतंकवादी जब चाहें कहीं भी और किसी को भी निशाना बना सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भारत सरकार बार-बार यह दावा करती है कि यहाँ हालात सुधर गए हैं, लेकिन जब भी उन्हें सहूलियत होती है, वे अपना बयान बदलकर यह संकेत देने लगते हैं कि स्थिति खराब है। पिछले साल पर नजर डालें तो किश्तवाड़, पुंछ और राजौरी की घटनाओं को देखा जा सकता है। इन सब के बावजूद वे लगातार यही दावा करते रहे हैं कि हालात बिल्कुल ठीक हैं। किश्तवाड़ में मुठभेड़ दस से बारह दिनों तक चली और ऐसा ही माहौल पुंछ-राजौरी क्षेत्र में भी देखने को मिला था।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस इस घटना की एक स्वर में कड़ी निंदा करती है। हम सर्वशक्तिमान ईश्वर से तीनों घायल सीआरपीएफ जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि इस हमले के लिए जिम्मेदार हमलावरों की जल्द से जल्द पहचान कर ली जाएगी। इसके साथ ही हम सरकार से अनुरोध करते हैं कि घायल सीआरपीएफ जवानों को बेहतरीन से बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए।
“Govt must take strict action and strike at terrorists’ strongholds to ensure justice for CRPF personnel.” – AIMIM leader Waris Pathan on Kulgam terrorist attack https://t.co/LtFrtqwA6S
— News Arena India (@NewsArenaIndia) November 11, 2026
पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी कुलगाम में सीआरपीएफ कर्मियों पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने इस आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए घायल सुरक्षाकर्मियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक और हमला हुआ है, जिसमें हमारे कुछ सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। मुझे उम्मीद है कि वे जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे और अपनी ड्यूटी फिर से संभालेंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में आतंकवाद ने जम्मू-कश्मीर को बहुत नुकसान पहुंचाया है और कई युवाओं तथा सुरक्षाकर्मियों की जान ली है। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भी अपने कई नेताओं, मंत्रियों, विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को खोकर भारी कुर्बानियां दी हैं। चौधरी ने आगे कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए सबसे बड़ा नुकसान राज्य का दर्जा और विशेष अधिकार छीना जाना रहा है, और यहाँ के लोगों की मुश्किलें अभी भी खत्म नहीं हुई हैं।
हमले की पूरी पृष्ठभूमि
सीआरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को दोपहर करीब सवा दो बजे अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में एक चेकपॉइंट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर अचानक अंधाधुंध गोलीबारी कर दी और मौके से फरार हो गए। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए। घायल जवानों को तुरंत इलाज के लिए अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जिस नाके पर यह हमला हुआ, वह राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। घायल हुए तीन सीआरपीएफ जवानों में से दो को मामूली चोटें आई हैं, जबकि तीसरे जवान की हालत थोड़ी गंभीर बनी हुई है।
घायल जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह और कांस्टेबल राकेश डार्क तथा संतोष चंद्रु के रूप में हुई है। पश्चिम बंगाल के रहने वाले संतोष चंद्रु के पेट और रीढ़ की हड्डी में चोट आई है, और उनकी हालत थोड़ी गंभीर बताई जा रही है। असम के रहने वाले कांस्टेबल राकेश दास के पैर में गोली लगी है, जबकि मध्य प्रदेश के रहने वाले हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह की बांह में गोली लगी है। इन दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

