Culture

साहित्य और आलोचना के बीच: शारजाह अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले में शामिल हुईं डॉ. सना अल-शालन

शारजाह/संयुक्त अरब अमीरात

जॉर्डन की प्रसिद्ध साहित्यकार, अकादमिक और आलोचक प्रोफेसर डॉ. सना अल-शालन शारजाह अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले के 45वें संस्करण में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। शारजाह के एक्सपो सेंटर में आयोजित इस पुस्तक मेले में उन्हें साहित्यकार, विश्वविद्यालय की प्रोफेसर और आलोचक के रूप में आमंत्रित किया गया था।

डॉ. सना अल-शालन को उपन्यास, लघुकथा, बाल साहित्य, साहित्यिक लेखन, आत्मकथा, विज्ञान कथा, शोध, नाटक, यात्रा साहित्य, तुलनात्मक साहित्य और मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में अब तक 68 अंतरराष्ट्रीय, अरब, स्थानीय और क्षेत्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। उनके कई नाटकों का स्थानीय और अरब देशों के विभिन्न मंचों पर प्रदर्शन भी हो चुका है।

उनकी प्रकाशित रचनाओं की संख्या 90 है। इनमें विशिष्ट साहित्यिक आलोचना की पुस्तकें, लेख, उपन्यास, कहानी संग्रह, बाल कहानियां, नाटक, यात्रा साहित्य, आत्मकथा, रचनात्मक लघु लेख और गद्य रचनाएं शामिल हैं। इसके अलावा उनकी कई पांडुलिपियां अभी प्रकाशित होना बाकी हैं।

डॉ. सना अल-शालन के सैकड़ों शोधपत्र, अध्ययन और लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। वह स्थानीय, अरब और अंतरराष्ट्रीय समाचार पत्रों तथा साहित्यिक पत्रिकाओं में नियमित स्तंभ भी लिखती रही हैं। इसके अलावा उन्होंने टीवी धारावाहिकों और फिल्मों के लिए पटकथाएं भी लिखी हैं।

साहित्य, आलोचना, अरब विरासत, मानव सभ्यता और तुलनात्मक साहित्य से जुड़े विषयों पर आयोजित अनेक स्थानीय, अरब और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। वह इन सम्मेलनों की वैज्ञानिक, निर्णायक और मीडिया समितियों की सदस्य भी रही हैं।

साहित्यिक और अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी

शारजाह अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले में डॉ. सना अल-शालन की भागीदारी कई स्तरों पर रही। उन्होंने विभिन्न मीडिया कार्यक्रमों और साहित्यिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके साथ ही वह लेखकों से जुड़ी बैठकों, व्याख्यानों और परिचर्चाओं में भी शामिल हुईं।

पुस्तक मेले के परिसर में उन्होंने एक विशेष आलोचनात्मक व्याख्यान भी दिया। इसका शीर्षक था, ‘भूत, जिन्न और वे कहानियां जिन्हें परिवार बताने की हिम्मत नहीं करता’।

इस व्याख्यान का मूल विचार यह था कि हर संस्कृति के अपने भूत होते हैं और हर भूत की अपनी एक भूमिका होती है। वह अपने साथ ऐसी बातें और रहस्य लेकर आता है, जिन्हें कोई परिवार या देश खुलकर सामने लाने में असमर्थ होता है।

व्याख्यान में अलौकिक साहित्य की दो अलग-अलग परंपराओं से जुड़े लेखकों के अनुभवों की तुलना भी की गई। इसमें यह समझने की कोशिश की गई कि ऐसी रहस्यमयी घटनाएं और पात्र बार-बार क्यों लौटते हैं, वे क्या चाहते हैं और असामान्य तथा सामान्य से परे दिखाई देने वाली चीजें कई बार अभिव्यक्ति का सबसे सच्चा माध्यम कैसे बन जाती हैं।

संस्कृति केवल किताब तक सीमित नहीं: डॉ. सना अल-शालन

पुस्तक मेले में अपनी भागीदारी के बारे में बात करते हुए डॉ. सना अल-शालन ने सांस्कृतिक उपस्थिति और पाठकों के साथ संवाद के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, “मेरी नजर सबसे पहले पुस्तक मेले में बुद्धिजीवियों और संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों की मौजूदगी तथा मेले में लोगों की अच्छी भागीदारी पर गई। यह सांस्कृतिक जिज्ञासा का एक सकारात्मक और स्वस्थ संकेत है।”

उन्होंने कहा कि पुस्तक मेले के आयोजकों ने इस उत्साह और लोगों की भागीदारी का बहुत समझदारी से उपयोग किया है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रम और सांस्कृतिक तथा विरासत से जुड़े आकर्षक आयोजन प्रस्तुत किए, जो लोगों को अपनी ओर खींचते हैं।

डॉ. सना अल-शालन के अनुसार, संस्कृति का वास्तविक अर्थ केवल किताब तक सीमित नहीं है। यही विचार शारजाह अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले की मूल अवधारणा का भी हिस्सा है। संस्कृति में किताब के अलावा पहनावा, बैठना, मिलना-जुलना, लोगों की मौजूदगी और मानवीय तथा सांस्कृतिक संवाद के अन्य सभी रूप शामिल हैं।

उनका मानना है कि किसी समाज की सांस्कृतिक पहचान को समझने के लिए केवल उसके साहित्य और पुस्तकों को देखना पर्याप्त नहीं है। लोगों के आपसी संबंध, बातचीत, सामाजिक व्यवहार और सांस्कृतिक गतिविधियां भी उसकी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा होती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *