संपादकीय: टोपी-दाढ़ी की आड़ में कौम का सौदा करने वाले ठेकेदारों से होशियार!
भारत में मुसलमानों और इस्लाम की छवि को धूमिल करने का ठेका, अफ़सोस कि बाहर के विरोधियों से ज़्यादा, टोपी-दाढ़ी धारण करने वाले कुछ तथाकथित मौलवियों और स्वयंभू मौलानाओं ने ले रखा है। ‘मान न मान, मैं तेरा मेहमान’ की तर्ज़ पर खुद को देश के 25 करोड़ मुसलमानों का रहनुमा घोषित करने वाले ये चेहरे आए दिन ऐसी नीच हरकतें और बेतुके बयान देते हैं कि किसी भी ग़ैरतमंद इंसान का ख़ून खौल उठे। फतवों की दुकान सजाकर ठहरे हुए पानी में कंकड़ फेंकना और समाज में ज़हर घोलना ही इनकी रोज़ी-रोटी बन चुका है। दिलचस्प लेकिन कड़वी सच्चाई यह है कि ये अधिकांश मौलवी-मौलाना बिकाऊ माल हैं, जिन्हें अक्सर उन्हीं मंचों पर ठहाके लगाते देखा जाता है जो दिन-रात मुसलमानों के खिलाफ़ साज़िशें रचते हैं।

भारत के आम मुसलमान की बुनियादी ज़रूरतें भी देश के किसी भी अन्य नागरिक की तरह रोटी, कपड़ा, मकान, तालीम और रोज़गार ही हैं। देश की आबादी का एक बड़ा हिस्सा ईमानदारी से अपनी रोज़ी-रोटी कमाने में व्यस्त है। लेकिन, सत्ता में बने रहने के लिए फ़ूट की राजनीति करने वाली ताक़तों ने ऐसे ही बिकाऊ मौलानाओं को पाल रखा है—किसी को लालच देकर तो किसी की काली करतूतों की फ़ाइल दबाकर।
हाल ही में बरेली के एक तथाकथित मौलाना ने अभिनेत्री सारा अली खान के एक हिंदू धर्मस्थल में जाने पर उन्हें ‘इस्लाम से ख़ारिज’ करने का शिगूफ़ा छोड़ दिया। तर्क दिया गया कि कुछ नौजवान फतवा लेने आए थे। कोई इस स्वयंभू धर्मगुरु से पूछे कि आख़िर तुम्हें किसी के निजी जीवन और आस्था पर फ़ैसला सुनाने का हक़ किसने दिया? क्या सिर्फ़ नाम मुस्लिम होने से कोई इस्लाम का प्रतिनिधि बन जाता है? क्या बिना सोचे-समझे, बिना ज़मीनी हक़ीक़त जाने कुछ भी बोल देना ही धर्म का काम है? ऐसे ही ठेकेदारों की वजह से आज पूरे समाज को कटघरे में खड़ा किया जाता है।
जब सुप्रीम कोर्ट जैसे मंचों पर संवेदनशील मामलों में फ़ैसले आते हैं, तब इन बिकाऊ मौलानाओं की घिग्घी बंध जाती है। लेकिन जब बेतुकी बयानबाज़ी करनी हो, समाज को बांटना हो या अप्रत्यक्ष रूप से साज़िशकर्ताओं के पक्ष में माहौल बनाना हो, तो इनके मुँह तुरंत खुल जाते हैं। गंभीर बात यह है कि आम मुसलमान इन्हें रत्ती भर भाव नहीं देता, लेकिन मीडिया और साज़िशकर्ता इन्हें हाथों-हाथ लेते हैं। मंशा साफ़ है—मुस्लिम युवाओं को पढ़ाई, कारोबार और तरक्की की राह से भटकाकर फ़िज़ूल के विवादों में उलझाए रखना।
इसी कड़ी में इतिहास और महापुरुषों को निशाना बनाने वाले उग्र बयानों को भी देखना होगा। महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू जैसी शख़्सियतों को बदनाम करने का एजेंडा चलाने वालों की बोली जब कुछ मुस्लिम चेहरे भी बोलने लगते हैं, तो समझ आ जाता है कि स्क्रिप्ट कहाँ लिखी जा रही है। नेहरू-गांधी के विचारों, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाना कोई अपराध नहीं है; बल्कि अगर कौम का युवा वर्ग ऐसी दूरदर्शी सोच को अपनाए, तो आने वाली नस्लों का भविष्य संवर सकता है।

लेकिन चूँकि ये तथाकथित रहनुमा बिक चुके हैं, इसलिए साज़िशकर्ता इन्हें ही तवज्जो देते हैं और इनकी बातों को इस तरह फैलाते हैं ताकि आम इंसान अपने असली मक़सद से भटक जाए। अब समय आ गया है कि टोपी और दाढ़ी की आड़ में कौम का सौदा करने वाले इन ख़तरनाक तत्वों की पहचान की जाए और इन्हें समाज से बेदखल किया जाए। और इस सफ़ाई अभियान को देश का जागरूक और शिक्षित युवा वर्ग ही सबसे बेहतर ढंग से अंजाम दे सकता है।

