Muslim World

जंग के बाद जख़्म और सवाल: इज़रायल के आत्मघाती युद्ध का अंत

मुस्लिम नाउ ब्यूरो, काहिरा

“सब कुछ लुटा के होश में आए तो क्या हुआ!” यह पंक्ति आज इज़रायल पर बिल्कुल सटीक बैठती है। दो साल पहले हमास ने 7 अक्टूबर 2023 के हमले में इज़रायल की दुर्भेद्य सुरक्षा व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया था, जिसमें 1,139 इज़रायली मारे गए और लगभग 251 लोगों को बंधक बनाकर गाज़ा पट्टी ले जाया गया।

इस हमले के बाद इज़रायल ने गाज़ा में जो विनाशकारी युद्ध छेड़ा, उसमें गाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 67,000 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए और लगभग पूरा गाज़ा खंडहर में बदल गया। लेकिन इज़रायल को वह निर्णायक सफलता नहीं मिली जिसकी उसे उम्मीद थी। नतीजतन, आज वह हमास के सामने, अमेरिका की मौजूदगी में, समझौते की मेज पर बैठने को मजबूर हुआ है, ताकि अपने शेष बंधकों को छुड़ाया जा सके।

सुरक्षा मिथकों का टूटना और नेतन्याहू की दुविधा

इज़रायल की सेना और जासूसी संगठन मोसाद के बारे में दुनिया भर में यह भ्रम फैलाया गया था कि वे अपने दुश्मनों को कहीं से भी खोज निकालते हैं और कभी नहीं छोड़ते। लेकिन हमास के मामले में ये सारे मिथक ध्वस्त हो गए। अमेरिकी और अन्य पश्चिमी सहयोग के बावजूद, इज़रायल दो साल बाद भी न तो हमास को पूरी तरह खत्म कर पाया और न ही अपने सभी बंधकों को सुरक्षित छुड़ा पाया। गाज़ा पट्टी पर कब्ज़ा करने का उसका मंसूबा चकनाचूर हो गया।

विडंबना यह है कि जो अमेरिका पहले इज़रायल को गाज़ा में हिंसा फैलाने के लिए बम-बारूद दे रहा था, आज वही उसे कान पकड़कर समझौता टेबल पर बैठाकर हमास के सामने नाक रगड़वा रहा है। इस समझौते के बदले इज़रायल को भी हमास के लोगों को रिहा करना होगा, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इस पूरी कवायद में इज़रायल को ही अधिक ‘चपत’ लगी है।

इज़रायल की इस नाकामी से वहाँ के लोग मौजूदा बेंजामिन नेतन्याहू सरकार से बिफरे हुए हैं, और समझौते को लेकर कैबिनेट में दरार की नौबत आ गई है। इज़रायली नागरिक सवाल पूछ रहे हैं कि अगर वे गाज़ा पर कब्ज़ा नहीं कर पाए और अपने लोगों को छुड़ा नहीं पाए, तो यह विनाशकारी युद्ध ही क्यों लड़ा गया, जिसमें हजारों इज़रायली सैनिक मारे गए और अरबों का आर्थिक नुकसान हुआ।

संघर्ष विराम समझौते पर मुहर

शुक्रवार तड़के, इज़रायली कैबिनेट ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तावित गाज़ा पट्टी में युद्धविराम और हमास द्वारा बंधक बनाए गए सभी शेष बंधकों की रिहाई की योजना के ‘रूपरेखा’ को मंज़ूरी दे दी। यह मध्य पूर्व को अस्थिर करने वाले दो साल के विनाशकारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू के कार्यालय ने एक संक्षिप्त बयान में समझौते की ‘रूपरेखा’ को मंज़ूरी देने की पुष्टि की, हालाँकि इसमें योजना के अन्य विवादास्पद पहलुओं का ज़िक्र नहीं किया गया।

समझौते का पहला चरण और हमास की गारंटी

इज़रायली सरकार ने युद्धविराम समझौते के “पहले चरण” को मंज़ूरी दी है। इस शुरुआती चरण में बंदियों की अदला-बदली होगी और इज़राइल गाज़ा के कुछ हिस्सों से अपनी सेना को हटाना शुरू कर देगा।

हमास की वार्ता टीम के प्रमुख खलील अल-हय्या ने कहा है कि समूह को अमेरिका और मध्यस्थों से गारंटी मिली है कि संघर्ष विराम समझौते के पहले चरण पर सहमति का मतलब है कि गाज़ा में युद्ध “पूरी तरह से समाप्त हो गया है।”

अल-हय्या ने गुरुवार शाम एक टेलीविज़न भाषण में समझौते के मुख्य तत्वों को रेखांकित किया:

इज़रायल लगभग 2,000 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा।

इज़राइली जेलों में बंद सभी महिलाओं और बच्चों को भी रिहा किया जाएगा।

इज़रायल गाज़ा से वापसी करेगा।

मिस्र के साथ सीमा पार (राफा क्रॉसिंग) खोला जाएगा, और सहायता प्रवाह की अनुमति दी जाएगी।

ट्रंप प्रशासन और मध्यस्थों ने आश्वासन दिया है कि युद्ध समाप्त हो गया है।

अमेरिकी समर्थन और ज़मीनी हकीकत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जिन्होंने “युद्ध समाप्त कर दिया गया है” कहा है, ने इन गारंटियों का विस्तार से वर्णन नहीं किया है। वह रविवार को युद्धविराम समझौते पर “आधिकारिक हस्ताक्षर” के लिए मध्य पूर्व की यात्रा करने वाले थे। इसके अलावा, अमेरिकी अधिकारियों ने घोषणा की है कि वे एक व्यापक, अंतर्राष्ट्रीय टीम के हिस्से के रूप में युद्धविराम समझौते का समर्थन और निगरानी करने के लिए इज़रायल में लगभग 200 सैनिक भेजेंगे।

हालांकि, युद्धविराम की घोषणा के बावजूद, गाज़ा में ज़मीनी हकीकत तुरंत नहीं बदली है। वफ़ा समाचार एजेंसी के अनुसार, गुरुवार को गाज़ा में इज़राइली हमले जारी रहे, जिसमें कम से कम 29 फिलिस्तीनी मारे गए। गाज़ा सिटी नगरपालिका के एक प्रवक्ता ने कहा, “ज़मीनी हकीकत नहीं बदली है।”

खुशी और गम का माहौल

युद्धविराम की घोषणा पर तेल अवीव में, शेष बंधकों के परिवारों ने शैंपेन पी और खुशी के आँसू बहाए। बंधकों के परिवार के एक समूह से फोन पर बात करते हुए ट्रंप भी उत्साहित दिखे, जैसा कि एक वीडियो में देखा गया।

हालांकि, दक्षिणी गाज़ा शहर खान यूनिस में प्रतिक्रियाएँ शांत और अक्सर शोक से भरी रहीं। मोहम्मद अल-फर्रा ने कहा, “मैं खुश भी हूँ और दुखी भी। हमने बहुत से लोगों, प्रियजनों, दोस्तों और परिवार को खोया है… जिन इलाकों में हम वापस जा रहे हैं, वे रहने लायक नहीं हैं।”

आगे का रास्ता

व्यापक युद्धविराम योजना में अभी भी कई अनुत्तरित प्रश्न शामिल हैं, जैसे कि हमास निरस्त्रीकरण करेगा या नहीं और गाज़ा पर शासन कौन करेगा। लेकिन सूत्रों के अनुसार, इन शर्तों के तहत, हमास कुछ ही दिनों में सभी जीवित बंधकों को रिहा करने का इरादा रखता है, जबकि इज़राइली सेना गाज़ा के अधिकांश हिस्से से वापसी शुरू कर देगी। माना जाता है कि अभी भी कैद में मौजूद 48 बंधकों में से लगभग 20 जीवित हैं।

यह समझौता मध्य पूर्व को अस्थिर करने वाले युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन क्षेत्र में स्थिरता और स्थायी शांति लाना अभी भी एक बड़ी चुनौती है।