Politics

नेहा बोरा पर विवादित बयान: फैज खान की टिप्पणी से आक्रोश

विशेष रिपोर्ट, नई दिल्ली

आरएसएस से जुड़े मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के नेता फैज खान की एक विवादित टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। फैज खान ने छात्र नेता और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को लेकर बेहद आपत्तिजनक शब्द कहे हैं।

फैज खान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (MRM) के गो सेवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक हैं। एक हालिया बयान में उन्होंने नेहा बोरा के लिए बेहद अमार्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने नेहा को ‘मादा’ बताते हुए कहा कि उनका काम केवल पुरुषों को आकर्षित करना है। इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैज खान की चौतरफा आलोचना हो रही है।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

फैज खान के बयान का वीडियो सामने आने के बाद कई पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसकी निंदा की है।

पत्रकार कवीश अजीज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि नेहा बोरा को इस मामले में तुरंत कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नेहा बोरा फैज खान की बेटी की उम्र की हैं और उनके खिलाफ इस तरह की घटिया बातें करना पूरी तरह गलत है।

alt News के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि टीवी न्यूज चैनलों पर अक्सर फैज खान को ‘इस्लामिक स्कॉलर’ बताकर डिबेट में बुलाया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि एक राष्ट्रीय संगठन से जुड़ा व्यक्ति सार्वजनिक मंच पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कैसे कर सकता है।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर कई अन्य लोगों ने भी फैज खान के खिलाफ महिला आयोग में शिकायत दर्ज करने और उन्हें टीवी डिबेट्स से प्रतिबंधित करने की मांग की है।

कौन हैं नेहा बोरा?

नेहा बोरा दिल्ली विश्वविद्यालय और जेएनयू से जुड़ी एक प्रमुख छात्र नेता हैं और वर्तमान में AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। साल 2026 में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा और चुनावी सुधारों को लेकर हुए बड़े आंदोलनों में उनकी अहम भूमिका रही है।

छात्र मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर उन्होंने 23 दिनों तक भूख हड़ताल भी की थी। वे शिक्षा नीति, प्रवेश परीक्षाओं की गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दों पर लगातार मुखर रही हैं।

राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में हलचल

इस विवाद के बाद मुस्लिम राष्ट्रीय मंच और आरएसएस के भीतर भी स्थिति असहज हो गई है। माना जा रहा है कि बढ़ते दबाव के बीच संगठन फैज खान के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कदम उठा सकता है।

कई सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि राजनीतिक बहस और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी महिला नेता के लिए लिंग आधारित अपशब्दों और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल सार्वजनिक जीवन की गरिमा के खिलाफ है।

मामले में अब नजर इस बात पर है कि क्या नेहा बोरा या महिला अधिकार संगठन फैज खान के खिलाफ कोई औपचारिक पुलिस शिकायत या कानूनी कदम उठाते हैं।