News

जमात-ए-इस्लामी हिंद का ईरानी दूतावास दौरा, फ़िलिस्तीन के समर्थन पर चर्चा

मुस्लिम नाउ ब्यूरो, नई दिल्ली

जमात-ए-इस्लामी हिंद के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष मलिक मोतसिम खान के नेतृत्व में आज इस्लामी गणराज्य ईरान के दूतावास का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय सचिव मौलाना रज़ी-उल-इस्लाम नदवी, सहायक सचिव डॉ. रिज़वान रफ़ीक़ी, इनाम उर रहमान तथा एसआईओ के राष्ट्रीय सचिव यूनुस मुल्ला शामिल थे।

दूतावास में प्रतिनिधिमंडल ने ईरान के राजदूत महामहिम डॉ. इराज इलाही और सचिव श्री मोहम्मद मेहदी खोरासानी से मुलाकात की। इस दौरान जमात-ए-इस्लामी हिंद ने ईरान के लोगों के साथ गहरी एकजुटता प्रकट की और इज़राइली आक्रमण के विरुद्ध उनके साहस एवं धैर्य की सराहना की।

प्रतिनिधिमंडल ने फ़िलिस्तीनी जनता के समर्थन में ईरान की स्पष्ट और निरंतर भूमिका की प्रशंसा की। साथ ही, माननीय राजदूत के माध्यम से ईरान सरकार से आग्रह किया कि वह फ़िलिस्तीन के स्वतंत्र और संप्रभु राज्य की स्थापना के लिए अपने कूटनीतिक, राजनीतिक और मानवीय प्रयासों को और मजबूती दे।

जमात ने इसे न केवल एक मानवीय मुद्दा बल्कि वैश्विक न्याय और शांति की लड़ाई बताया।