Culture

रणवीर सिंह पाकिस्तानी झंडे को लेकर विवादों में, जानिए पूरा सच

मुस्लिम नाउ ब्यूरो, चेन्नई

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन वजह फिल्म नहीं, बल्कि उससे जुड़ा विवाद है। सोशल मीडिया पर सेट का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पाकिस्तानी झंडा लहराता हुआ दिख रहा है। इस दृश्य के सामने आते ही रणवीर सिंह विवादों में घिर गए हैं।

पहलगाम हमले के बाद बढ़ा गुस्सा

हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा है। ऐसे माहौल में फिल्म सेट पर पाकिस्तानी झंडे को देखकर लोग भड़क गए। सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं – “पाकिस्तानी झंडा सेट पर क्यों लगाया गया?” कुछ यूज़र्स ने रणवीर को ‘बेशर्म’ तक कह डाला।

फिल्म की कहानी में क्यों है पाकिस्तानी झंडा?

सूत्रों के मुताबिक, झंडे का इस्तेमाल फिल्म की कहानी के हिस्से के रूप में किया गया है। ‘धुरंधर’ एक सच्ची घटना पर आधारित फिल्म है, जिसमें रणवीर सिंह कथित तौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से प्रेरित किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी पाकिस्तान में भारतीय जासूसों के साहसिक ऑपरेशन के इर्द-गिर्द घूमती है। ऐसे में पाकिस्तानी झंडे का सीन स्क्रिप्ट का हिस्सा माना जा रहा है।

रणवीर के करियर पर भी चर्चा

रणवीर का करियर कोरोना काल के बाद से संघर्ष कर रहा है। उनकी हालिया फिल्में ‘83’, ‘सर्कस’, ‘जयेशभाई जोरदार’ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रहीं। हालांकि ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ ने उन्हें थोड़ी राहत दी, लेकिन वे अब भी सलमान, शाहरुख या रणबीर कपूर जैसी सफलता हासिल नहीं कर पाए हैं।

पाकिस्तान को लेकर विवाद क्यों नहीं थमते?

बॉलीवुड में पाकिस्तान से जुड़ा कोई भी मुद्दा अक्सर विवादों का कारण बनता है। हाल ही में दिलजीत दोसांझ भी पाकिस्तानी कलाकारों के साथ जुड़ाव के कारण विवादों में आए थे, जिसकी वजह से उनकी फिल्म ‘सरदारजी 3’ भारत में रिलीज नहीं हो पाई। ऐसे में रणवीर सिंह पर उठे सवाल नए बवाल को जन्म दे सकते हैं।