ईरानी हमले में वीज़मैन संस्थान की 45 लैब तबाह, वैज्ञानिकों की 20 साल की मेहनत राख में तब्दील
Table of Contents
दिल की कोशिकाओं से लेकर डीएनए सैंपल तक – वैज्ञानिकों की बरसों की मेहनत पलभर में राख में तब्दील
रॉसेला टेरकाटिन
15 जून 2025 को हुए ईरानी मिसाइल हमले में इज़राइल के रेखोवोत स्थित वीज़मैन साइंस इंस्टीट्यूट को गंभीर नुकसान पहुँचा। इस हमले में भले ही कोई जान नहीं गई, लेकिन दो इमारतें – एक जीवन विज्ञान भवन और एक निर्माणाधीन भवन – पूरी तरह ध्वस्त हो गईं और लगभग 45 प्रयोगशालाएं प्रभावित हुईं। कई वैज्ञानिकों ने अपनी पूरी जिंदगी की मेहनत गंवा दी।
प्रो. एलदाद त्साहोर, जो वीज़मैन इंस्टीट्यूट में दिल की जैविक संरचना पर शोध करते हैं, अगली सुबह अपने नष्ट हो चुके लैब की जगह देखने पहुंचे। उन्होंने बताया, “पूरा परिसर युद्ध क्षेत्र जैसा लग रहा था। हर जगह कांच और धातु के टुकड़े बिखरे थे।”
उनकी 22 साल की रिसर्च, हजारों हार्ट टिशू, डीएनए और आरएनए के सैंपल – सब कुछ खत्म हो गया। एक फ्रिज जो मलबे में कुछ हद तक सुरक्षित था, उसमें से उन्होंने कुछ सैंपल दूसरे भवन के फ्रिज में शिफ्ट किए, लेकिन सैंपल -80°C पर रखने चाहिए थे। कमरे के तापमान पर पहुंचने के बाद उनकी उपयोगिता संदिग्ध है।

छात्रों और स्टाफ की जद्दोजहद
शोधकर्ता जैकब हन्ना, जो हमले के समय विदेश में थे, ने Nature पत्रिका को बताया कि उनके छात्रों ने सैकड़ों मानव और चूहे की कोशिकाएं बैकअप लिक्विड-नाइट्रोजन टैंक में सुरक्षित कर लीं। उन्होंने अक्टूबर 2023 के बाद युद्ध की आशंका के चलते ये प्रबंध पहले से किए थे, जब हमास के आतंकवादियों ने इज़राइल पर हमला किया था।
इस हमले से न केवल व्यक्तिगत लैब प्रभावित हुईं, बल्कि संस्थान की साझा मशीनें और सुविधाएं – जो अत्यंत महंगी और अनुसंधान के लिए अहम थीं – भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
डॉ. त्सलील एस्ट, जो बायोमॉलिक्यूलर साइंसेज़ विभाग में कार्यरत हैं, ने बताया कि “वीज़मैन में कई लैब साझा उपकरणों पर निर्भर करती हैं। अब इन सेवाओं के प्रभावित होने से कई और प्रयोगशालाओं का काम ठप पड़ सकता है।”
वैज्ञानिकों का जीवन भी अस्त-व्यस्त
संस्थान के भीतर और आसपास रहने वाले कई वैज्ञानिकों को भी विस्थापन झेलना पड़ा। “बेसिक सुरक्षा की भावना टूट गई है,” एस्ट ने कहा।
वीज़मैन संस्थान की सैन्य उद्योग से भी कड़ियाँ हैं। अक्टूबर 2024 में इसने इज़रायली रक्षा कंपनी एल्बिट के साथ मिलकर रक्षा अनुसंधान के लिए जैव प्रेरित सामग्री पर काम शुरू किया था।

अनुसंधान का नुकसान और अंतरराष्ट्रीय समर्थन
हमले के ठीक दो दिन बाद, यूरोपीय अनुसंधान परिषद (ERC) ने 721 मिलियन यूरो की ग्रांट्स की घोषणा की, जिनमें 12 इज़राइली परियोजनाओं को अनुदान मिला। इनमें से 6 अनुदान वीज़मैन इंस्टीट्यूट को मिले। लेकिन दुखद यह रहा कि इनमें से 15 लैब मिसाइल हमले में नष्ट हो गईं – जिनमें प्रोफेसर ओरेन शुल्डाइनर की लैब भी शामिल थी।
उनकी लैब ड्रोसोफिला मक्खियों (fruit flies) के ज़रिए मस्तिष्क की संरचना और विकारों पर शोध कर रही थी। “हमारी सबसे बड़ी क्षति हमारी सैकड़ों ट्रांसजेनिक मक्खियाँ हैं जिन्हें हमने वर्षों में विकसित किया था,” उन्होंने कहा। “हमने 17 वर्षों में जो कुछ खड़ा किया था, वह सब राख हो गया।”
उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने साथियों से अनुरोध किया कि अगर किसी के पास उनकी लैब के फ्लाई स्टॉक मौजूद हों, तो कृपया उन्हें संरक्षित रखें।
एकजुटता और आशा की किरण

एलदाद त्साहोर ने कहा, “रविवार सुबह से अब तक मुझे दुनिया भर से सैकड़ों ईमेल और मैसेज मिले हैं। हर कोई मदद के लिए तैयार है। किसी ने लैब को अस्थायी रूप से स्थान देने की पेशकश की है, किसी ने मुफ्त में डीएनए प्लाज्मिड तैयार करने का प्रस्ताव दिया है।”
प्रो. शुल्डाइनर ने कहा, “अभी हम किसी चीज़ की मांग नहीं कर सकते, लेकिन इस तरह की एकजुटता से हमें हिम्मत मिलती है।”भले ही पुनर्निर्माण में सालों लग सकते हैं, लेकिन वीज़मैन संस्थान के वैज्ञानिकों का संकल्प अडिग है – वे फिर से अपने सपनों की उड़ान भरेंगे।
द इजरायल टाइम्स से साभार

