संकट में भी साथ: डेन्यूब ग्रुप के चेयरमैन रिजवान साजन का बड़ा ऐलान, नहीं होगी छंटनी
Table of Contents
दुबई, संयुक्त अरब अमीरात
दुनिया भर में जब युद्ध और आर्थिक अस्थिरता का साया गहरा रहा है, तब एक बड़े कारोबारी ने इंसानियत और नेतृत्व की मिसाल पेश की है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिला कर रख दिया है। मिडिल ईस्ट के कई बिजनेस घराने इस अनिश्चितता के दौर में फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में डेन्यूब ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन रिजवान साजन ने अपनी वर्कफोर्स के साथ चट्टान की तरह खड़े होने का फैसला किया है।
रिजवान साजन ने सोशल मीडिया के जरिए एक ऐसी घोषणा की है, जिसने उनके हजारों कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने साफ कर दिया है कि मुश्किल वक्त चाहे जैसा भी हो, उनके ग्रुप में किसी भी कर्मचारी की छंटनी नहीं की जाएगी।
कर्मचारी नहीं, परिवार है मेरा स्टाफ: रिजवान साजन
रिजवान साजन ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में पुरानी यादों और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब बिजनेस के सामने इतनी बड़ी चुनौती आई है। उन्होंने कुवैत पर इराकी आक्रमण, 2008 का वैश्विक वित्तीय संकट और हालिया कोविड-19 महामारी जैसे कठिन दौर को करीब से देखा है।
साजन ने कहा कि हर संकट के बाद हम पहले से ज्यादा मजबूत होकर उभरे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि इस बार भी हम जीतेंगे। उन्होंने याद दिलाया कि महामारी के दौरान भी उन्होंने वादा किया था कि किसी को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा। उन्होंने उस वादे को निभाया भी। अब एक बार फिर उन्होंने वही प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि हमारे 6,000 से ज्यादा कर्मचारी सिर्फ कर्मचारी नहीं, बल्कि मेरा परिवार हैं।
समय पर मिलेगी सैलरी, बढ़ेगा भरोसा
चेयरमैन ने अपने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि सभी की सैलरी समय पर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आज डेन्यूब ग्रुप जिस मुकाम पर है, उसे यहाँ तक पहुँचाने में इन्हीं कर्मचारियों का खून-पसीना लगा है। ऐसे में कंपनी का भी फर्ज बनता है कि वह संकट के समय अपने लोगों का साथ दे। साजन के इस फैसले की व्यापारिक गलियारों में जमकर तारीफ हो रही है। लोग इसे एक ‘जिम्मेदार लीडरशिप’ का बेहतरीन उदाहरण मान रहे हैं।
बाजार की चुनौतियों के बीच विस्तार जारी
जहाँ एक तरफ भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है, वहीं डेन्यूब ग्रुप अपने कारोबार को थामने के बजाय उसे नई दिशा दे रहा है। कंपनी ने निर्माण सामग्री (Building Materials), रियल एस्टेट और होम सॉल्यूशंस के क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत रखी है। यही वजह है कि बाजार के उतार-चढ़ाव का उन पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है।
हाल ही में डेन्यूब प्रॉपर्टीज ने अपनी पहली बड़े पैमाने की इंटीग्रेटेड कम्युनिटी ‘ग्रीन्ज बाय डेन्यूब’ (Greenz by Danube) को लॉन्च किया है। इसमें प्रीमियम टाउनहाउस और विला शामिल हैं, जिनकी कीमत 35 लाख दिरहम से शुरू होती है। कंपनी का मशहूर ‘1% मंथली पेमेंट प्लान’ निवेशकों और घर खरीदारों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है।
अनुभव और विश्वास की बुनियाद
1993 में शुरू हुआ डेन्यूब ग्रुप आज यूएई के सबसे बड़े प्राइवेट रियल एस्टेट डेवलपर्स में से एक है। रिजवान साजन ने इस कंपनी को शून्य से शिखर तक पहुँचाया है। उनकी सफलता का राज समय पर प्रोजेक्ट्स की डिलीवरी और क्वालिटी कंस्ट्रक्शन रहा है।
मौजूदा तनाव के बीच डेन्यूब ग्रुप का यह स्टैंड दिखाता है कि मजबूत बुनियादी सिद्धांतों और साहसी फैसलों के दम पर अनिश्चितता को भी तरक्की में बदला जा सकता है। जब कई बड़ी कंपनियां लागत कम करने के नाम पर छंटनी का सहारा ले रही हैं, तब रिजवान साजन का ‘नो ले-ऑफ’ (No Layoff) का फैसला एक नई उम्मीद जगाता है। यह संदेश साफ है कि अगर लीडर अपने लोगों के साथ खड़ा है, तो कोई भी संकट बड़ा नहीं होता।

