News

‘इंशाअल्लाह आपसे मिलते हैं’ – विमान हादसे में जान गंवाने वाले पायलट तौकीर की दिल छू लेने वाली कहानी

मुस्लिम नाउ ब्यूरो, ढाका

राजधानी उत्तरा स्थित माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज के पास हुए विमान हादसे में फ्लाइट लेफ्टिनेंट मोहम्मद तौकीर इस्लाम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर सुनते ही उनके पूर्व प्रशिक्षक मुस्ताक अहमद सोमवार शाम करीब 5:45 बजे राजशाही स्थित तौकीर के घर पहुंचे।

ALSO READ

इस दौरान उन्होंने तौकीर के परिजनों और रिश्तेदारों से मुलाकात की और उनके जीवन, शिक्षा और कार्य से जुड़ी यादों को साझा किया। मुस्ताक अहमद पबना कैडेट कॉलेज में तौकीर के प्रशिक्षक रहे थे। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि लगभग एक माह पहले उनकी तौकीर से फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय तौकीर ने कहा था, “स्टाफ, मैं आ रहा हूं, इंशाअल्लाह आपसे मिलते हैं।”

मुस्ताक अहमद ने तौकीर को याद करते हुए कहा,
“तौकीर बेहद प्रतिभाशाली और शांत स्वभाव का लड़का था। वह छोटों से प्यार और बड़ों का सम्मान करना जानता था। उसकी मुस्कान अब भी मेरी आंखों में ताजा है।”

वायुसेना के पूर्व वारंट अधिकारी मुस्ताक अहमद ने आगे कहा,
“मैं राजशाही का रहने वाला हूं और तौकीर भी यहीं का छात्र रहा है। जब मैंने मीडिया में यह खबर देखी, तो यकीन नहीं हुआ कि तौकीर अब हमारे बीच नहीं है। वह न केवल एक उत्कृष्ट छात्र और पायलट था, बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी था। उसकी पुरानी तस्वीरें देखकर कोई भी समझ सकता है कि वह कितना होनहार था।”

उन्होंने कहा,
“तौकीर हमेशा विनम्र, होशियार और अपने लक्ष्यों के प्रति गंभीर था। मैं उसे बचपन से देखता आ रहा हूं। यह घटना मेरे लिए भी किसी सदमे से कम नहीं है।”

फ्लाइट लेफ्टिनेंट तौकीर की शुरुआती पढ़ाई राजशाही गवर्नमेंट लेबोरेटरी हाई स्कूल में सातवीं कक्षा तक हुई थी, जिसके बाद वह पाबना कैडेट कॉलेज में दाखिल हुए थे।

इस दुखद हादसे के बाद तौकीर के पैतृक गांव चपैनवाबगंज जिले के शिबगंज और राजशाही स्थित उनके घर में मातम का माहौल है।